उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: संदिग्ध हालात में 21 वर्षीय विवाहिता की मौत

Admindelhi1
31 March 2025 11:47 AM IST
Lakhimpur Kheri: संदिग्ध हालात में 21 वर्षीय विवाहिता की मौत
x
"ससुराल वाले शव छोड़कर फरार"

लखीमपुर खीरी: थाना नीमगांव क्षेत्र के हजनपुर गांव में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव घर में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बेटी का शव जमीन पर पड़ा पाया। मृतका के परिवार ने पति समेत ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप

मृतका राजेश्वरी (21) के पिता दाताराम, निवासी गांव दुलारेपुर, थाना मैलानी, ने बताया कि उन्होंने 11 माह पहले बेटी की शादी नैमिष से की थी। शादी में दान-दहेज भी दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। परिवार का आरोप है कि इस कारण राजेश्वरी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

बाइक की मांग न पूरी होने पर हत्या का आरोप

राजेश्वरी के भाई प्रदीप के अनुसार, शादी में बिना सेल्फ वाली बाइक दहेज में दी गई थी, जबकि नैमिष सेल्फ स्टार्ट बाइक की मांग कर रहा था। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने बहन की हत्या कर दी।

ससुराल वाले घर छोड़कर भागे

परिजनों को शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की जानकारी मिली। जब वे हजनपुर गांव पहुंचे, तो बहन का शव जमीन पर पड़ा था और मौके पर पुलिस मौजूद थी। ससुराल पक्ष का एक भी व्यक्ति वहां नहीं था, सभी फरार हो चुके थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

इस मामले में थाना प्रभारी सुनीता कुशवाहा ने बताया कि महिला का शव फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story