उत्तर प्रदेश

Lakhimpur: शारदा नदी में डूबे चारों बच्चों के शव बरामद

Admindelhi1
16 Jun 2025 10:58 AM IST
Lakhimpur: शारदा नदी में डूबे चारों बच्चों के शव बरामद
x
"गांव में मातम का माहौल"

धौरहरा: ईसानगर थाना क्षेत्र के हसनपुर कटौली गांव में शुक्रवार शाम शारदा नदी में डूबे चार बच्चों की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार देर शाम दो बच्चों के शव मिल गए थे, जबकि शनिवार सुबह बाकी दो बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। घटना के बाद चार परिवारों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, हसनपुर कटौली गांव के चार दोस्त—विनाश (14) पुत्र विनोद, उत्कर्ष (14) पुत्र मनोज मिश्रा, देवांश (13) पुत्र दीपक दीक्षित और राहुल (13) पुत्र गौतम शुक्ला—शुक्रवार शाम डेबर घाट पर बन रहे पुल को देखने गए थे। इस दौरान सभी बच्चे शारदा नदी में नहाने उतर गए, लेकिन नदी की तेज धारा में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार गंगवार, सीओ शमशेर बहादुर सिंह, एसडीएम राजेश कुमार और तहसीलदार आदित्य विशाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विनाश और उत्कर्ष के शव बरामद कर लिए गए।

शनिवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और करीब 9 बजे देवांश और राहुल के शव भी नदी से निकाल लिए गए। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि चारों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों को अहेतुक सहायता के तौर पर आर्थिक मदद दी जाएगी, जिसकी व्यवस्था डीएम सीतापुर द्वारा की जा रही है।

गांव में पसरा मातम: चार किशोरों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।

Next Story