- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- नोएडा में सीवर की सफाई...
उत्तर प्रदेश
नोएडा में सीवर की सफाई के दौरान मजदूर की मौत, जांच में जुटी पुलिस
SHIDDHANT
14 July 2026 9:47 PM IST

x
Noida नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में सीवर की सफाई के दौरान एक मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर सीवर की सफाई के लिए नीचे उतरा था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों ने पुलिस को सूचना दी।
नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम फेज-2 थाना पुलिस को सूचना मिली कि गेजा चौकी क्षेत्र में नोएडा प्राधिकरण की ओर से सीवर सफाई का कार्य चल रहा था। सफाई के दौरान शिवा नाम का एक मजदूर सीवर में उतरा, लेकिन काफी देर तक वापस बाहर नहीं आया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर मजदूर को सीवर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा मजदूर को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
घटना के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और सीवर सफाई के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





