उत्तर प्रदेश

खैनी, सुर्ती और चूना बने पनौती! 18 दिन जेल और रिहाई के लिए किया 18,00,000 खर्च

Shubhra Nandy
24 Nov 2026 9:58 AM IST
खैनी, सुर्ती और चूना बने पनौती! 18 दिन जेल और रिहाई के लिए किया 18,00,000  खर्च
x
5 रुपये की खैनी पड़ी 18 लाख की
आजमगढ़ : विदेश यात्रा के दौरान बैग में रखा तंबाकू का एक छोटा-सा पैकेट उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी सौरभ राय के लिए बड़ी कानूनी मुसीबत बन गया। बहरीन एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उनके बैग से खैनी, सुर्ती और चूना मिलने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना के कारण न केवल उसे 18 दिन जेल में बिताने पड़े, बल्कि उसकी रिहाई के लिए 7200 बहरीन दीनार यानी लगभग 18 लाख रुपये भी खर्च करने पड़े।
सौरभ राय के लिए महज पांच रुपये की खैनी का पैकेट इतनी बड़ी परेशानी का कारण बन जाएगा, इसका अंदाजा शायद ही किसी को रहा होगा। यात्रा के दौरान उनके बैग में मौजूद तंबाकू और उससे संबंधित सामग्री एयरपोर्ट पर जांच के दौरान सामने आई, जिसके बाद उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
मामूली पैकेट बना बड़ी कानूनी मुसीबत
जानकारी के अनुसार, सौरभ के बैग में खैनी, सुर्ती और चूना रखा हुआ था। बहरीन एयरपोर्ट पर जांच के दौरान इन वस्तुओं के मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। इस घटना के चलते उन्हें कई दिन हिरासत में बिताने पड़े। भारत में सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली कोई वस्तु दूसरे देश में कानूनी परेशानी का कारण बन सकती है। सौरभ राय के साथ हुई घटना विदेश यात्रा के दौरान स्थानीय कानूनों की जानकारी रखने की जरूरत को रेखांकित करती है।
रिहाई कराने में खर्च हुए करीब 18 लाख रुपये
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सौरभ की रिहाई के लिए जुर्माने और वकील की फीस समेत कुल 7,200 बहरीनी दीनार खर्च करने पड़े। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। महज पांच रुपये की खैनी के कारण इतनी बड़ी आर्थिक कीमत चुकाने का यह मामला विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सबक है।
विदेश जाने से पहले जान लें वहां के नियम
हर देश में सामान के आयात, परिवहन और व्यक्तिगत इस्तेमाल से संबंधित कानून अलग-अलग हो सकते हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय यात्रा से पहले संबंधित देश की प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची और सीमा शुल्क नियमों की जानकारी लेना जरूरी है। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपने बैग की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए। अनजाने में रखा गया कोई सामान भी विदेश में आर्थिक नुकसान और कानूनी संकट का कारण बन सकता है।
विदेश यात्रा से पहले संबंधित देश की प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची
बैग में गुटखा, खैनी, सुर्ती और अन्य तंबाकू उत्पाद रखने से पहले स्थानीय नियमों की जांच करें।
दवाइयां साथ ले जाने से पहले उनकी अनुमति और डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन संबंधी नियम जान लें।
शराब, नकदी, सोना और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने की निर्धारित सीमा की जानकारी रखें।
किसी अनजान व्यक्ति का पैकेट या सामान अपने साथ विदेश न ले जाएं।
एयरपोर्ट जाने से पहले अपने बैग की अच्छी तरह जांच कर लें।
संबंधित देश के दूतावास और सीमा शुल्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से नियमों की पुष्टि करें।
विदेश में स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना, गिरफ्तारी या जेल जैसी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए यात्रा से पहले थोड़ी-सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक और कानूनी परेशानी से बचा सकती है।
Next Story