उत्तर प्रदेश

देश में 80 करोड़ लोगो को फ्री राशन पर केशव मौर्य ने उठाये सवाल

Shreya
23 July 2023 3:31 AM GMT
देश में 80 करोड़ लोगो को फ्री राशन पर केशव मौर्य ने उठाये सवाल
x

कौशाम्बी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आम जनता को भविष्य में आने वाली चुनौतियों से अगाह किया है। उन्होंने कहा कि लोग सोचते हैं कि सब कुछ सरकार उन्हें फ्री में दे दे और उन्हें कुछ न करना पड़े। आवास, पानी, राशन, बिजली, रसोई गैस जैसी अन्य सुविधाएं हम सरकारी पैसे से दे रहे हैं। ऐसे लोगों की संख्या उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ एवं देश में 80 करोड़ है। लेकिन सबकुछ फ्री में मिलेगा और हम कुछ नहीं करेंगे, अगर ऐसा भाव है तो यह ध्यान रखना, आने वाली पीढ़ी काम करने के लायक नहीं बचेगी।

भरवारी नगर पालिका के भवंस मेहता विज्ञान महाविद्यालय में शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हरियाली अभियान का हिस्सा बने। यहां अफसरों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत रुद्राक्ष का पौधा देकर किया। बदले में डिप्टी सीएम ने भी लोगों को पौध देकर उसे रोपित करने की जिम्मेवारी लोगों को दी।

मीडिया से रूबरू उपमुख्यंत्री केशव मौर्या ने बताया कि प्रदेश में 30 करोड़ वृक्ष लगाने का अभियान है। प्रदेश के सभी जिलों में चल रहा है। मुझे कौशांबी एवं प्रयागराज में इस अभियान का शुरुआत करने का सौभाग्य मिला है। 5 करोड़, 15 अगस्त को लगाए जाएंगे। 35 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी हमारे प्रदेश का जो वन क्षेत्र है, जितनी अपेक्षा है, उसके हिसाब से कम है।

इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील किया कि परिवार में जितने सदस्य हैं। हर सदस्य के नाम दो वृक्ष लगाओ, उनको बचाओ, उनको बढ़ाओ अन्यथा आने वाले समय में न हवा मिलेगी और न ही पानी मिलेगा। पर्यावरण की रक्षा करने से ही जीवन है। आने वाली पीढ़ियों के लिए आशीर्वाद है। वर्तमान पीढ़ियों को ऐसा मान करके वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।

Next Story