- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अवैध कब्जे हटाने मैदान...

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने अवैध कब्जों और बिना अनुमति हो रही प्लाटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। केडीए के प्रवर्तन दस्ते और भूमि बैंक की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया। इसके अलावा करीब 36 बीघा जमीन पर बिना लेआउट के चल रहे अवैध निर्माण और प्लाटिंग का काम रुकवा दिया गया है।
केडीए अधिकारियों के अनुसार, खाली कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 65 लाख 38 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणकर्ताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेज नहीं दिखाने पर आगे भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय पांडेय के निर्देश पर चलाया गया। विशेष कार्याधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम और भूमि बैंक की टीम ने नर्वल क्षेत्र में पहुंचकर कार्रवाई की।
टीम ने ग्राम फुफवारसुईथोक नर्वल में राजू उत्तम व अन्य द्वारा की जा रही करीब 11 बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इसके बाद ग्राम मवइया में चंद्रशेखर पांडेय व अन्य की करीब 5 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग को हटाया गया। वहीं नर्वल पुल के पास नर्वल तहसील रोड पर स्टार लैंड डेवलपर्स द्वारा की जा रही करीब 9 बीघा प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई।
केडीए की टीम ने मौके पर बैकहो लोडर मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाए गए ढांचों और प्लॉटिंग के हिस्सों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों को जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
इसके साथ ही केडीए ने कई अन्य स्थानों पर अवैध निर्माण और प्लाटिंग का काम भी रुकवा दिया। अधिकारियों ने बताया कि 36 बीघा जमीन पर चल रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है।
जिन स्थानों पर कार्रवाई की गई, उनमें एनके ग्रीन सोसाइटी नर्वल तहसील रोड पेट्रोल पंप के पास करीब 6 बीघा, पप्पू फुटवियर बाबा होंडा के पीछे सरसौल-प्रयागराज रोड पर करीब 3 बीघा, स्टार ग्रीन सिटी न्यू कानपुर जंक्शन रोड हाथीपुर अंडरपास के पास करीब 6 बीघा, संजय शुक्ला व अन्य की नगवा बंबा (नहर) के पास करीब 15 बीघा और विनोद यादव, संजीव यादव, जेपी मौर्या व अन्य की न्यू कानपुर जंक्शन रोड हाथीपुर अंडरपास के पास करीब 6 बीघा जमीन शामिल है।
केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत लेआउट और अनुमति के किसी भी तरह की प्लाटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि संबंधित लोग जमीन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करते हैं तो इन स्थानों पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाली 14 जुलाई को भी विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई की जाएगी।
केडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण का कहना है कि शहर के विकास और नियोजित विस्तार के लिए अवैध निर्माणों पर सख्ती जरूरी है। आने वाले दिनों में भी ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।





