उत्तर प्रदेश

Kayamganj: सुरक्षा में लापरवाही ने बनाया बड़ा हादसा

Admindelhi1
28 Jan 2026 4:25 PM IST
Kayamganj: सुरक्षा में लापरवाही ने बनाया बड़ा हादसा
x
"पति भी बचाने के प्रयास में झुलसा"

कायमगंज: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जावरा में खाना बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस चूल्हे पर भोजन बनाते समय एक महिला की साड़ी में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसका पति भी घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जावरा निवासी वीर सिंह की 37 वर्षीय पत्नी उमा देवी अपने घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई। आग लगते ही उमा देवी घबरा गईं और आग बुझाने का प्रयास करने लगीं, लेकिन लपटें तेजी से फैल गईं। आग की चपेट में आने से महिला बुरी तरह झुलस गई और दर्द से चीखने लगीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके पति वीर सिंह मौके पर पहुंचे और बिना किसी परवाह के आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान वीर सिंह भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।

इसके बाद दोनों पति-पत्नी को परिजनों द्वारा निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद उमा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद स्थित लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. अमरेश ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पति वीर सिंह की स्थिति सामान्य पाए जाने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। परिजन महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Next Story