उत्तर प्रदेश

Kaushambi: लापरवाही पर सहायक अभियंताओं का वेतन रोका

Admindelhi1
8 Jan 2026 2:54 PM IST
Kaushambi: लापरवाही पर सहायक अभियंताओं का वेतन रोका
x

कौशाम्बी: जिले में विकास परियोजनाओं की सुस्त रफ़्तार और जनहित के कार्यों में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। कलेक्ट्रेट स्थित एन.आई.सी. सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता और सभी सहायक अभियंताओं का वेतन रोकने का निर्देश जारी किया। साथ ही, घटिया प्रगति पर कार्यदायी फर्म 'बाबा' के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई और जुर्माना लगाने के आदेश दिए हैं।जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन बिछाने और घरेलू कनेक्शनों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। पाइपलाइन डालने के नाम पर खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई।

वहीं जे.एम.सी. और बाबा फर्म को निर्देश दिया गया कि आगामी एक माह के भीतर खोदी गई सभी सड़कों का मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। और जिन गाँवों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां बिना किसी बाधा के निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए डॉ. अमित पाल ने स्पष्ट किया कि नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुँचाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई के अभाव में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता (सिंचाई) से स्पष्टीकरण तलब किया है।नलकूप विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई नलकूप यांत्रिक और विद्युत दोष के कारण बंद पड़े हैं। जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि सभी बंद नलकूपों को तत्काल युद्धस्तर पर ठीक कर उन्हें क्रियाशील बनाया जाए, ताकि रबी की फसलों की सिंचाई प्रभावित न हो।

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता जयपाल सिंह सहित सिंचाई एवं नलकूप विभाग के सभी संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story