उत्तर प्रदेश

Kaushambi: फार्मासिस्ट का शव एलिवेटेड रोड के नीचे पड़ा मिला

Admindelhi1
31 March 2025 3:25 PM IST
Kaushambi: फार्मासिस्ट का शव एलिवेटेड रोड के नीचे पड़ा मिला
x
"शुरूआती जांच में संदीप के पारिवारिक विवाद की वजह से परेशान रहने की बात सामने आई"

कौशांबी: थाना क्षेत्र स्थित एलिवेटेड रोड के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। छानबीन के बाद शव की शिनाख्त दिल्ली स्थित इंदिरागांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल दो पर तैनात फार्मासिस्ट संदीप (25) पुत्र शौकीन के तौर पर हुई। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी। शनिवार को संदीप खोड़ा निवासी दोस्त रवि से मिलने आए थे। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुरूआती जांच में संदीप के पारिवारिक विवाद की वजह से परेशान रहने की बात सामने आई है।

संदीप मूलरूप से इटावा के रहने वाले थे। वर्तमान में दिल्ली के बसंत विहार में वह रहे थे। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि 29 मार्च की सुबह करीब 11:32 बजे एलिवेटेड रोड के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। तलाशी लेने पर जेब से कार्यस्थल का पहचान पत्र मिला। तब उनके आईजीआई टर्मिनल दो पर फार्मासिस्ट बतौर नौकरी करने की बात पता चली। ठेकेदारी के तहत वह नौकरी कर रहे थे। छानबीन की गई तब सामने आया कि वह मूलरूप से इटावा का रहने वाले थे। संदीप के पिता शौकीन पानीपत में ठेकेदारी का काम करते हैं।

फोन से संपर्क कर परिजनों को बताया गया है। शरीर पर चोट के निशान और कपड़ों व शव के आसपास से किसी तरह का विशैला पदार्थ नहीं मिला है। एसीपी ने बताया कि शनिवार को संदीप खोड़ा निवासी दोस्त रवि कश्यप से मिलने गए थे। संदीप ने अपने दोस्त को मानसिक तौर पर परेशान होने की बात बताई थी। वजह परिवार में चल रहा क्लेश बताया था। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वजह जांच रिपोर्ट मिलने पर पता चल पाएगी। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाए गए हैं।

Next Story