- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kaushambi: गौ तस्करों...
Kaushambi: गौ तस्करों की मुठभेड़ में एक को लगी गोली, तीन गिरफ्तार

कौशाम्बी: जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार तड़के कोखराज थाना क्षेत्र में पुलिस और गौतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल तीन अंतरराष्ट्रीय गौतस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी टीम, सर्विलांस और कोखराज पुलिस की संयुक्त टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलीं, जिसमें एक तस्कर घायल होकर गिर पड़ा।गिरफ्तार अभियुक्तों मनोज (घायल) पुत्र मोतीलाल, निवासी अमाँव फतेहपुर। वहीं दूसरा आरोपी अजय चौबे पुत्र लल्लन, निवासी तिवारी डेहरिया बिहार।
तीसरा आरोपी अजमेरी पुत्र छोटेलाल, निवासी ननमयी कौशाम्बी का हैं।विदित हो कि बीती 3/4 जनवरी की रात कोखराज थाना क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी और इचौली गाँव के पास झाड़ियों में बिजली के खंभों से बंधे 12 जीवित बैल बरामद हुए थे। तस्कर इन गोवंशों को ट्रकों और पिकअप के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्काल सक्रियता के कारण वे इन्हें छोड़कर भाग निकले थे। इस गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस कप्तान ने टीमों का गठन कर खुलासे के निर्देश दिए थे।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे डिमांड के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों से गोवंश इकट्ठा करते थे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उस रात जनता और पुलिस के आ जाने के कारण वे पकड़े जाने के डर से गाड़ी लेकर भाग गए थे।यह एक संगठित गिरोह है जो उत्तर प्रदेश से गोवंशों की तस्करी कर बिहार ले जाता है
इन अभियुक्तों पर पूर्व में भी उत्तर प्रदेश गोबध निवारण अधिनियम के तहत कई जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। शेष 4 फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।मुठभेड़ में घायल तस्कर मनोज को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटना स्थल से अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और इनके मददगारों की कुंडली खंगालने में जुटी है।





