- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kaushambi: कल्पना...
Kaushambi: कल्पना सोनकर ने साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धांजलि दी

कौशाम्बी: जिले के उदयन सभागार में सोमवार को 'वीर बाल दिवस' के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान साहिबजादों के साहस और बलिदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें राष्ट्रभक्ति का सर्वोच्च प्रतीक बताया।
मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि साहिबजादों का अद्वितीय बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा, "गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों ने यह साबित कर दिया कि वीरता उम्र की मोहताज नहीं होती। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देश, धर्म और मानवता के लिए समर्पित रहने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।"राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' घोषित करना उन नन्हें नायकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बच्चों से साहिबजादों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष, महिला आयोग सदस्य एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से गुनगुन, छाया पाल, श्रद्धा शुक्ला, मानवी यादव, विष्णु गुप्ता सहित लगभग 25 बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक, गीत और कविताओं के माध्यम से साहिबजादों के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया। उपस्थित जनसमूह इन मार्मिक प्रस्तुतियों को देख भावविभोर हो उठा।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी नीरज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा सहित अन्य विभागीय अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।





