- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kaushambi: ससुराल...
Kaushambi: ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप, नवविवाहिता की मौत

कौशांबी: जिले में दहेज लोभियों ने एक नवविवाहिता की जान ले ली. करारी थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव में बुधवार को 19 वर्षीय विमला देवी का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई.मृतका के भाई दीपक पाल ने बताया कि उसकी बहन विमला की शादी छह महीने पहले ही दशरथपुर गांव के हीरालाल उर्फ मिथुन से हुई थी. शादी के बाद से ही पति हीरालाल, ससुर किशोरीलाल, सास और देवर राहुल दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे. दीपक के अनुसार, दीपावली पर विमला मायके आई थी, लेकिन 22 अक्टूबर को उसका पति उसे वापस ससुराल ले गया.
आरोप है कि घर लाने के बाद पति और परिवारवालों ने विमला के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी. बाद में उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. इसके बाद ससुराली पक्ष ने फोन कर मायके वालों को बताया कि विमला ने आत्महत्या कर ली. घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए. सूचना मिलने पर करारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है और जांच की जा रही है.





