उत्तर प्रदेश

Kaushambi: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी जनता की आवाज़

Admindelhi1
5 Feb 2026 3:46 PM IST
Kaushambi: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी जनता की आवाज़
x

कौशाम्बी: जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से जिले में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने विकास खण्ड मंझनपुर की ग्राम पंचायत गुवारा तैयबपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभ मिलने की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो पात्र लोग किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें शीघ्र चिन्हित कर लाभान्वित किया जाए।शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से विद्यालयों में अध्यापकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने संतोषजनक व्यवस्था की पुष्टि की।

इस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय का 19 पैरामीटर के तहत निरीक्षण कर निपुण तालिका एवं शिक्षा की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने सी.एच.ओ. से ग्राम की एच.आर.पी. (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) महिलाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखने तथा ड्यू लिस्ट के अनुसार टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को ग्राम में स्वास्थ्य कैम्प लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं के टीकाकरण के निर्देश दिए।उन्होंने ग्राम सचिव को सभी हैंडपंपों की रिबोरिंग कराकर उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में ग्राम के 281 लोग पात्र पाए गए हैं, जिन्हें शीघ्र ही आवास का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की तथा जिला कृषि अधिकारी को शेष किसानों की रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।ग्रामवासियों ने संगम गेस्ट हाउस से ग्राम तक संपर्क मार्ग की खराब स्थिति की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के माध्यम से सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। जल निगम के सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि जल-जीवन मिशन के अंतर्गत मार्च 2026 से ग्राम में पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन गुवारा तैयबपुर का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया

Next Story