- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kashipur: कन्वेयर...
Kashipur: कन्वेयर बेल्ट में फंसकर फैक्टरी कर्मी की मौत

काशीपुर: एक कंपनी का हेल्पर बॉयलर के कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सहकर्मी और फैक्टरी प्रबंधन आनन-फानन उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजनौर (यूपी) के शेरकोट के गांव हरबला बगोटा निवासी पतराम सिंह (55) पुत्र गोपाल सिंह बाजपुर रोड स्थित मंगल बाजार में किराये के मकान में रहता था। वह बाजपुर रोड स्थित एक फैक्टरी में बतौर हेल्पर काम करता था। शुक्रवार रात आठ वह फैक्टरी में बायलर की कन्वेयर बेल्ट के पास काम कर रहा था। अचानक बेल्ट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना फैक्टरी प्रबंधन को दी। गंभीर रूप से घायल पतराम सिंह को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय लाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची आईटीआई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
साथियों ने बताया वह लगभग 5-6 माह पहले यहां पर काम करने आया था। शुक्रवार रात 8 बजे से उसकी नाइट ड्यूटी थी और 8:10 बजे घटना घट गई। साथियों ने बताया मृतक पतराम सिंह के तीन बेटी व एक ग्यारह वर्षीय बेटा है। एक बेटी की शादी हो गई है जबकि दो बेटियां इसी फैक्टरी के ही प्लांट में काम करती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।





