- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kasganj: दर्दनाक सड़क...
Kasganj: दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत

कासगंज: सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी बाइक तेज रफ्तार कैंटर से टकरा गई और दोनों वाहन में फंस गए।
इस हादसे की सबसे दुखद पहलू यह रहा कि ऊपर बैठे युवक की कुछ देर तक सांसें चलती रहीं, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोग केवल वीडियो बनाते रहे। किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कैंटर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मंगलवार रात करीब 10 बजे कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भूड़ निवासी हरि सिंह (28) पुत्र कुंदन सिंह और ज्ञान सिंह (20) पुत्र नेपाल सिंह बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों वीएवी इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक वाहन धुलाई दुकान पर काम करते थे।
रात में खाना लेकर घर जाते समय बीएबी कॉलेज के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर कैंटर के साइड में घुस गई। हादसे में हरि सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्ञान सिंह गंभीर रूप से घायल था और कुछ देर तक उसकी सांसें चल रही थीं।
वीडियो बनाते रहे लोग, नहीं मिली समय पर मदद
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग और पुलिस घायल ज्ञान सिंह को बचाने की जगह वीडियो बनाते रहे। कोई भी उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने के लिए आगे नहीं आया, जिससे उसने दम तोड़ दिया।
चालक फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया
हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में शोक की लहर, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।





