उत्तर प्रदेश

Kasganj: जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बैठक कर म्यूजियम, दरियावगंज झील के मॉडलों पर की चर्चा

Admindelhi1
7 Jun 2025 8:54 AM GMT
Kasganj: जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बैठक कर म्यूजियम, दरियावगंज झील के मॉडलों पर की चर्चा
x
विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य प्रारंभ

कासगंज: जनपद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जिले के विकास को लेकर की गई घोषणाओं के अनुश्रवण में जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से जुटा हुआ है।

जिलाधिकारी मेधा रुपम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की प्रमुख परियोजनाओं जैसे कि नदरई पुल, दरियावगंज झील और प्रस्तावित संग्रहालय के मॉडलों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं, कि सोमवार तक पूरी अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

ऐतिहासिक झाल पुल को मिलेगा नया जीवन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया कासगंज दौरे के दौरान नगर के प्रवेश द्वार पर स्थित ब्रिटिशकालीन झाल पुल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए रुपये 10 करोड़ की घोषणा की गई। गंगा नहर और काली नदी पर वर्ष 1885 से 1889 के बीच निर्मित यह पुल इंजीनियरिंग का अनूठा उदाहरण है। यह स्थल वास्तुकला में रुचि रखने वाले शोधार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

दरियावगंज झील बनेगी वाटर टूरिज्म हब

कासगंज के पटियाली क्षेत्र में स्थित दरियावगंज झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ₹40 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के अंतर्गत बोटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स और प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ावा देने वाली सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

आधुनिक संग्रहालय से सजेगा कासगंज

जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए विकास भवन परिसर में रुपये 12 करोड़ की लागत से एक आधुनिक संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। यह संग्रहालय न केवल जिले की पुरातन संस्कृति को संरक्षित करेगा, बल्कि युवाओं को इतिहास से जोड़ने का भी कार्य करेगा।संग्राहलय मे हड़प्पा काल से लेकर मौर्य व कुषाण काल तक की 1145 पुरातात्विक धरोहरें प्रदर्शित की जाएंगी।यह शोधार्थियों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए जनपद के विषय में जिज्ञासा रखने वालों की मदद करेगी। जिलाधिकारी मेधा रुपम ने सभी परियोजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Next Story