- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kasganj: मोहनपुर-सहावर...

कासगंज: सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर-सहावर मार्ग पर सोमवार देर शाम एक युवक का शव बंबा किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय बॉबी पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव ठाठी, के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह निकले थे, शाम को मिला शव
बॉबी सोमवार सुबह करीब 10 बजे सिढ़पुरा बाजार के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तभी रात करीब 8:30 बजे मोहनपुर-सहावर मार्ग पर भट्टे के पास बंबा किनारे उनका शव पड़ा मिला। शव देखकर परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बॉबी की मौत से उनके तीन बच्चे-उमंग (11), ऋतिक (6) और जय (4) अनाथ हो गए हैं। पत्नी सीमा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि बॉबी की हत्या कर शव को बंबा किनारे फेंका गया है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





