- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: महिला ने 15...
Kanpur: महिला ने 15 महीने के बेटे की गला घोंटकर हत्या की

कानपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल उर्सला परिसर में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 24 वर्षीय महिला स्नेहा ने अपने 15 महीने के बेटे सम्राट की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में घरेलू कलह की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
स्नेहा अपने पति सुमित, बेटे सम्राट और सुमित की दादी रानी के साथ बड़ा चौराहा स्थित उर्सला अस्पताल परिसर में रहती थी। सुमित एक निजी पैथोलॉजी में काम करता है, जबकि उसकी दादी उर्सला अस्पताल में सफाईकर्मी हैं। वहीं, उसका बड़ा भाई रंजीत उर्सला में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और अपनी मां राजकुमारी के साथ कल्याणपुर स्थित आवास-विकास कॉलोनी में रहता है।
सोमवार रात घटना के वक्त सुमित पैथोलॉजी गया हुआ था और दादी रानी अपनी ड्यूटी पर थीं। जब वह देर रात घर लौटीं, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बच्चे सम्राट का शव बेड पर पड़ा था, जबकि स्नेहा का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। तुरंत दोनों को उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में क्या आया सामने: घटना के बाद मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में कार की मांग को लेकर बेटी को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी उत्पीड़न के कारण स्नेहा ने यह कदम उठाया।
एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ में पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





