उत्तर प्रदेश

Kanpur : महिला डॉक्टर से धोखा, शादी का वादा कर आरोपी ने किया दुष्कर्म

Tara Tandi
6 May 2025 11:37 AM IST
Kanpur : महिला डॉक्टर से धोखा, शादी का वादा कर आरोपी ने किया दुष्कर्म
x
Kanpur कानपुर । जीएसवीएम मेडिकल कालेज में तैनात महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर साथी डॉक्टर ने दुष्कर्म किया। विवाहित होते हुए अविवाहित बताकर शादी करने की बात कह गुमराह करता रहा। महिला चिकित्सक ने शादी का दबाव बनाया तो डॉक्टर ने इनकार किया और अपने शहर चला गया। महिला चिकित्सक ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ चकेरी थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चकेरी क्षेत्र की रहने वाली महिला चिकित्सक के अनुसार वह जीएसवीएम मेडिकल कालेज में सीनियर रेजीडेंट के पद पर कार्यरत हैं। करीब ढ़ाई साल पहले उनकी मुलाकात एमएस आर्थो के डॉ. अभिषेक भास्कर से हुई थी। अभिषेक से नजदीकियां बढ़ी तो घर परिवार की बातें भी होने लगीं। इसी बीच अभिषेक ने खुद को अविवाहित बताया। इसका खुलासा बाद में हुआ कि वह विवाहित है। वह लोग बीच-बीच में मिलते रहे और मुलाकात के दौरान ही अभिषेक ने प्रेम जाल में फंसा लिया।
दो साल पहले अभिषेक ने पढ़ाई के संबंध में बातचीत करने के बहाने अपने कमरे में बुलाया, जहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर जल्द ही शादी करने की बात कही। कुछ समय बीत गया, तब उन्होंने अभिषेक पर शादी करने का दबाव बनाया। इससे नाराज होकर उसने गाली-गलौज और मारपीट करना शुरू कर दिया। अक्सर सबके सामने उसकी बेइज्जती करता और धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल देता था।
इसके बाद उसने माता-पिता के कहने पर उनका फोन नंबर ब्लाक कर दिया और एक दिन चुपके से अपने शहर खुर्जा बुलंदशहर चला गया। इसकी जानकारी होने पर वह काफी समय तक अवसाद में रहीं। फिर चकेरी पुलिस से मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि महिला चिकित्सक की तहरीर पर डॉ. अभिषेक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
Next Story