उत्तर प्रदेश

Kanpur: डीएम कार्यालय के पास टेंपो चालक ने बच्चे को मारी गोली

Admindelhi1
3 Feb 2025 4:47 AM GMT
Kanpur: डीएम कार्यालय के पास टेंपो चालक ने बच्चे को मारी गोली
x
"परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया"

कानपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय के पास एक टेंपो चालक ने 13 वर्षीय बच्चे पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने कंधे पर लगी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्नाव के सिकंदरपुर सरौसी के ग्राम सिहुरा निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि 31 जनवरी को उनका 13 वर्षीय भतीजा करन, अपने बड़े भाई शंकर के साथ कपड़ा खरीदने कानपुर आया था। रात करीब 11:15 बजे करन और अरुण एडवोकेट प्रमोद कुमार के चैंबर में सो रहे थे। इसी दौरान करन लघुशंका के लिए डीएम कार्यालय के मुख्य गेट के पास गया।

उसी समय सड़क के दूसरी ओर खड़े अज्ञात टेंपो चालक ने करन पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली करन के दाहिने कंधे के ऊपर लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। करन को तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि अरविंद कुमार की तहरीर पर अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

शनिवार सुबह कोतवाली पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी टेंपो चालक की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फिलहाल, घायल बच्चे का इलाज जारी है, और पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

Next Story