उत्तर प्रदेश

Kanpur: लोक निर्माण विभाग की आपत्ति, GT रोड पर उल्टी दिशा में लगाए गए संकेतक

Admindelhi1
28 April 2025 3:01 PM IST
Kanpur: लोक निर्माण विभाग की आपत्ति, GT रोड पर उल्टी दिशा में लगाए गए संकेतक
x
लोक निर्माण विभाग ने जताई आपत्ति

कानपुर: जीटी रोड पर नगर निगम ने डिवायडर, रेलिंग व कट पर बिना अनुमति संकेतक लगा दिये। इसमें कई संकेतक उल्टी दिशा में लगे हैं। जिसकी वजह से दुर्घटना का खतरा बन गया है। लोक निर्माण विभाग की सड़क जांच व रूटीन निरीक्षण में यह बात सामने आई है। विभाग ने नगर निगम को नोटिस देकर पूछा है कि बिना जानकारी दिये गलत संकेतक क्यों लगाए गये। यदि ऐसे में दुर्घटना हुई तो कौन जिम्मेदार होगा। विभाग ने तत्काल संकेतकों को ठीक करने को कहा है।

नगर निगम ने जरीब चौकी चौराहे से लेकर सीओडी पुल तक बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र लिये डिवाइडर रेलिंग एवं कट पर हजार्ड संकेतक लगाये हैं। जीटी रोड का यह हिस्सा दिनभर बिजी रहता है। जिसपर सिटी साइट से कई मार्ग आकर मिलते हैं। इसवजह से जीटी रोड पर कई अवैध कट का निर्माण हो गया है।

मार्ग के कई हिस्सों में देर रात मार्गप्रकाश की लाइटें न जलने की वजह से यहां दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। नगर नगम के मार्गप्रकाश विभाग ने जीटी रोड पर जरीब चौकी से सीओडी पुल तक सिटी के हिस्से में कई स्थानों पर हजार्ड संकेतक लगाये हैं। पीडब्ल्यूडी के राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो पता चला कि संकेतकों को उल्टी दिशा में लगाया गया है। डिवाइडर रेलिंग एवं कट पर हजार्ड संकेतक गलत लगे होने की वजह से दुर्घटना का खतरा है। इसपर नगर निगम को नोटिस दी है।

जरीब चौकी से सीओडी पुल तक हजार्ड संकेतक नगर निगम ने लगाए हैं। इसकी अनुमति नहीं ली गई। कई जगह गलत दिशा में संकेतक लगे हैं। दुर्घटना से बचने के लिये संकेतकों को ठीक करने के लिये कहा गया है।

- अरुण कुमार, राष्ट्रीय मार्ग खण्ड लो.नि.वि. कानपुर

Next Story