उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा के लिए कानपुर पुलिस का ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Saba Naaz
29 July 2026 9:11 PM IST
कांवड़ यात्रा के लिए कानपुर पुलिस का ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
x

कानपुर। सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए कानपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ा ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। यह डायवर्जन व्यवस्था 1 अगस्त से 28 अगस्त तक चार चरणों में लागू रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही इस्तेमाल करें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।

डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। ड्रोन के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जाएगी।

ट्रैफिक डायवर्जन चार चरणों में लागू होगा। पहला चरण 1 अगस्त की रात 8 बजे से 3 अगस्त की रात 12 बजे तक रहेगा। इसके बाद दूसरा चरण 8 अगस्त से 10 अगस्त तक लागू होगा। तीसरे चरण में 15 अगस्त से 17 अगस्त तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। वहीं चौथा चरण 22 अगस्त से 28 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगा।

इटावा और औरैया की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। जिन वाहनों को उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और गोरखपुर की ओर जाना है, उन्हें रामादेवी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। ऐसे वाहन जिन्हें सजेती, घाटमपुर और नौबस्ता होते हुए उन्नाव या लखनऊ जाना है, उन्हें आनूपुर मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन परास मोड़, जहानाबाद, चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज और बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आगे जा सकेंगे।

झांसी, कालपी, भोगनीपुर और मूसानगर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को भी बदले हुए मार्ग से भेजा जाएगा। इन वाहनों को घाटमपुर चौराहे से चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज और बछरावां होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का रास्ता अपनाना होगा। इससे नौबस्ता क्षेत्र में यातायात दबाव कम किया जा सकेगा।

कानपुर नगर के शिवराजपुर, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी नियम लागू किए गए हैं। ऐसे वाहन परियर पुल के रास्ते उन्नाव की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें अरौल से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पहले से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। संबंधित क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है और लगातार निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और डायवर्जन व्यवस्था में सहयोग करें।

कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सड़कों पर उतरने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि भक्तों की यात्रा सुरक्षित रहे और शहर की सामान्य यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

Next Story