उत्तर प्रदेश

Kanpur: ट्रक से टकराई नवविवाहिता, मौके पर हुई मौत

Admindelhi1
24 Sept 2025 3:35 PM IST
Kanpur: ट्रक से टकराई नवविवाहिता, मौके पर हुई मौत
x

कानपुर: पनकी के भौती बाइपास पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्राला की चपेट में आने से 24 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। हादसे में उसका पति और भतीजी घायल हो गए। भतीजी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के गजनेर करसा गांव निवासी सर्वेश कुमार की शादी बीते 18 अप्रैल को महाराजपुर के मड़ैया गांव की अर्चना से हुई थी। सोमवार को ससुराल में अखंड रामायण पाठ शुरू हुआ था, जिसमें शामिल होने के लिए सर्वेश मंगलवार सुबह पत्नी अर्चना और भतीजी खुशी को लेकर बाइक से निकले थे।

भौती बाइपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राला ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान अर्चना सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे दूसरे ट्राला के पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भतीजी खुशी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि सर्वेश को भी चोटें आईं।

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल खुशी को अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां अर्चना का क्षत-विक्षत शव देखकर परिजन बेसुध हो गए। अर्चना की मां दायादेवी और पिता रामप्रसाद का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्राला और चालक की पहचान में जुटी है।

अर्चना छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। भाई सुनील, सुशील, राहुल और बहनें पूनम व नीलम बहन की मौत की खबर पाकर गश खाकर गिर पड़े।

इलाज के दौरान दो घायलों की मौत

कानपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मूलरूप से कन्नौज निवासी 50 वर्षीय अखिलेश दुबे कल्याणपुर के लवकुशपुरम में रहते थे। 16 सितंबर को पुराना शिवली रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए थे। निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां सोमवार रात उनकी मौत हो गई।

इसी तरह बिधनू के बाजपुर निवासी 64 वर्षीय छोटे लाल 16 सितंबर को हाजीपुर मोड़ के पास कार की टक्कर से घायल हुए थे। सोमवार रात उन्हें डिस्चार्ज कराकर घर लाया गया, लेकिन देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनकी भी मौत हो गई।

Next Story