उत्तर प्रदेश

Kanpur: मेडिकल कॉलेज में निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मिले 2.69 करोड़

Admindelhi1
20 Jan 2025 11:45 AM IST
Kanpur: मेडिकल कॉलेज में निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मिले 2.69 करोड़
x
"शासन ने 2.69 करोड़ रुपये जारी किये"

कानपूर: मेडिकल कालेज के अमरपुर स्थित प्रशासनिक भवन और 300 बेड के अस्पताल का अब पूर्ण क्षमता के साथ इस्तेमाल हो सकेगा. जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और प्रधानाचार्य डा. डीनाथ के प्रयास उपरान्त शासन ने दोनों स्थानों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सबस्टेशन बनाने को 2.69 करोड़ रुपये शासन ने जारी कर दिए हैं.

जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के कमजोर ढांचे को दुरुस्त बनाने के लिए 268 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कालेज का निर्माण कराया गया. जगह की कमी के चलते अध्ययन अध्यापन और अस्पताल अलग-अलग बनाए गए. अमरपुर ग्राम पंचायत में मेडिकल कालेज का प्रशासनिक भवन व एकेडमिक ब्लाक बनाया गया. इसके अलावा महिला चिकित्सालय से सटकर 300 बेड का अस्पताल, नर्सेज हास्टल, जूनियर रेजिडेंट हास्टल, एटाप्सी बिल्डिंग, एसटीपी, टाइप 2, 3, 4, 5 आवास बनाए गए. डीपीआर में प्रवधान न होने के कारण दोनों स्थानों पर पर्याप्त क्षमता के विद्युत संयोजन नहीं कराए जा सके. कारण मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डा. डीनाथ ने 14 अक्तूबर को 33 आपत्तियों के साथ दोनों बिल्डिंग हैंडओवर कर ली थीं.

अमरपुर के प्रशासनिक भवन के इस्तेमाल को 1,800 किलोवाट और 300 बेड के अस्पताल प्रांगण के उपयोग को 3,356 किलोवाट के विद्युत संयोजन की आवश्यकता जताई गई. डीएम व प्रधानाचार्य की कोशिशों के बाद काम चलाने के लिए अमरपुर में 250 किलोवाट व अस्पताल भवन के लिए 500 किलोवाट का संयोजन मिल सका. जिस कारण इन दोनों बिल्डिंगों के कुछ हिस्से का ही उपयोग किया जा रहा है. विभागीय अफसरों के साथ मंथन के बाद विद्युत आपूर्ति के लिए दोनों स्थानों पर 33/11 सबस्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया और इस कार्य के लिए 2.69 करोड़ रुपये शासन से मांगे गए. जिलाधिकारी और प्रधानाचार्य डा. डीनाथ लगातार पैरवी करते रहे. जिसके परिणामस्वरूप शासन ने अमरपुर और 300 बेड के अस्पताल प्रांगण में सबस्टेशन बनाने के लिए उक्त धनराशि जारी कर दी. अब जल्द ही फाउंडेशन पर ट्रांसफार्मर लगाने, मीटर व आरएमयू रूम बनाकर विद्युत सप्लाई प्रारंभ कर दी जाएगी.

भवन पूर्ण क्षमता से होंगे इस्तेमाल डा. द्विजेंद्रनाथ

स्वशासी प्रधानाचार्य डा. द्विजेंद्रनाथ ने बताया कि शासन ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ढांचा तैयार करने को धनराशिजारी कर दी. जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जिससे आने वाले कुछ ही समय में मेडिकल कालेज के दोनों भवनों को पूर्ण क्षमता से उपयोग में लिया जाएगा.

Next Story