उत्तर प्रदेश

Kanpur: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या कर बेड में छिपाया शव

Admindelhi1
25 Jun 2025 7:41 AM IST
Kanpur: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या कर बेड में छिपाया शव
x
"मां की हत्या से सनसनी"

कानपुर: रावतपुर थाना क्षेत्र में 12वीं के छात्र ने मामूली विवाद के बाद मां का दुपट्टे से गला कसकर निर्मम हत्या कर दी। मां को मृत समझ कर कलयुगी बेटे ने उसे बेड में बंद कर दिया। कुछ देर बाद घर पहुंचे छोटे भाई ने बेड के बाहर दुपट्टा लटका देखा तो घटना की जनकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेड खोलकर देखा तो महिला की सांसे चल रही थी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रावतपुर इलाके में रहने वाले सुभाष सचान मार्केटिंग का काम करते हैं। ऐसे में वह अक्सर घर के बाहर ही रहते है। अभी भी काम के सिलसिले से शहर के बाहर हैं। परिवार में पत्नी उर्मिला और ग्याहरवीं में पढ़ने वाला अमन और बाहरवीं में पढ़ने वाला सत्यम (आरोपित) दोनों ही अर्मापुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ते हैं। छोटे बेटे अमन ने बताया कि मुझे स्कूल जाने में देरी हो रही थी इसलिए मम्मी ने भइया को झाड़ू लगाने के साथ-साथ बर्तन धोने को भी बोल दिया। इस बात पर गुस्साया बड़ा भाई मम्मी से झगड़ा करने लगा।

मैं स्कूल चला गया जब घर वापस लौटा तो मम्मी कहीं दिखाई नहीं दीं। इसी बीच जब मैंने बेड की तरफ ध्यान दिया तो मम्मी का दुपट्टा बेड के बाहर लटक रहा था। जैसे-तैसे मैंने बेड खोला तो उनके गले में दुपट्टा कसा था और उनकी सांसे चल रहीं थीं। इसके बाद मैंने मां को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने मंगलवार काे बताया कि घर के छोटे बेटे ने ही घटना की सूचना पुलिस को दी थी। जब पुलिस पहुंची तो महिला जिंदा थी लेकिन इलाज के दौरान उनकी सांसे थम गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपित बेटे को भी हिरासत में ले लिया है।

Next Story