उत्तर प्रदेश

Kanpur: फर्टिलाइजर कंपनी की फर्जी फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी

Admindelhi1
28 April 2025 10:57 AM IST
Kanpur: फर्टिलाइजर कंपनी की फर्जी फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी
x
नकदी और दस्तावेज बरामद

कानपुर: गांव-गांव घूमकर लोगों को फर्टिलाइजर कंपनी की फर्जी फ्रेंचाइजी खोलने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्वॉट टीम और अकबरपुर व गजनेर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 10 लाख रुपये से अधिक नकदी, फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, आधार-पैन कार्ड और दो बाइकें बरामद हुई हैं।

चेक का खेल और भारी किराये का लालच

पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र ने बताया कि गिरोह के सदस्य खुद को गोदरेज एग्रो फर्टिलाइजर कंपनी का प्रतिनिधि बताकर ग्रामीणों को फ्रेंचाइजी के नाम पर प्लाट, मकान या दुकान किराए पर लेने का लालच देते थे। वे किराए के बदले कई गुना भुगतान की बात कहकर लोगों से एग्रीमेंट फॉर्म भरवाते और एक हजार रुपये का ब्लैंक चेक ले लेते थे। बाद में उसी चेक में अपनी मर्जी से रकम भरकर बैंक से ठगी की रकम निकाल लेते थे।

रूरा तिराहे पर दबोचे गए

शुक्रवार देर शाम अकबरपुर पुलिस और स्वॉट टीम रूरा तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध नजर आए। पूछताछ में उलझने पर उनकी तलाशी ली गई तो फर्जी कागजात, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली।

गांवों की पहचान एटलस बुक से

गिरफ्तार ठगों ने बताया कि वे एटलस बुक (भौगोलिक नक्शे की किताब) से गांवों की स्थिति और सड़क किनारे स्थित मकानों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद लोगों से संपर्क कर फर्जी फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी करते थे।

ठगी का बड़ा नेटवर्क, कई जिलों में वारदातें

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं -

1. सुनील यादव (दीवानखेड़ा, उन्नाव)

2. संदीप प्रताप (नरीचक, उन्नाव)

3. विवेक सिंह (नरीचक, उन्नाव)

4. विवेक सिंह (अकवाबाद, उन्नाव)

इन चारों ने गजनेर और सिकंदरा थाना क्षेत्र में 8.54 लाख रुपये, जबकि हमीरपुर के बिवांर थाना क्षेत्र में 1.91 लाख रुपये की ठगी की बात कबूल की है। इसके अलावा इटावा, रायबरेली, फैजाबाद, देवरिया और बाराबंकी में भी ठगी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि चारों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।

Next Story