उत्तर प्रदेश

Kanpur: बुजुर्ग महिला की मौत बनी रहस्य, पड़ोसी गिरफ्तार

Admindelhi1
18 Sept 2026 5:14 PM IST
Kanpur: बुजुर्ग महिला की मौत बनी रहस्य, पड़ोसी गिरफ्तार
x
महिला की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज

कानपुर: चौबेपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से मारपीट करने के मामले में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने हत्या और लूट से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

शांतिनगर निवासी सरला ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। 15 सितंबर को वह स्कूल गई थीं। घर पर उनकी मां कमला देवी (65) अकेली थीं। आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी अमित वाल्मीकि उर्फ भद्दी घर में घुस आया। कमला देवी ने इसका विरोध किया तो उसने उनके साथ मारपीट की। हमले में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं।

आरोप है कि मारपीट के बाद युवक घर की अलमारी में रखा जेवर और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। सरला के मुताबिक, बैग में चांदी की करधनी, सोने का पेंडल, एक जोड़ी चांदी की पायल, जेवर की रसीदें, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 12 हजार रुपये थे। घटना की जानकारी मोहल्ले के लोगों ने सरला को फोन पर दी। घर पहुंचने पर उन्हें मां बेहोशी की हालत में मिलीं। इसके बाद कमला देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुुरुवार काे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को पहले ही दे दी गई थी, लेकिन महिला की मौत के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपित अमित वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया।

चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Next Story