- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur Dehat: ट्रैक्टर...
Kanpur Dehat: ट्रैक्टर की चपेट में आया दंपति, पति की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती

कानपुर देहात: रूरा क्षेत्र में बनीपारा-कहिंजरी मार्ग पर एक ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
शनिवार दोपहर रसूलाबाद थाना क्षेत्र के ओझान कहिंजरी गांव निवासी समिया खान (50) अपनी पत्नी आसिया बेगम (48) के साथ मेडिकल कॉलेज अकबरपुर दवा लेने जा रहे थे। तभी सिमरामऊ गांव के पास स्थित सत्येंद्र सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में समिया खान ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी आसिया बेगम को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से तुरंत मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन राहुल खान, कल्लू खान और अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा करने की कोशिश की। मृतक के बेटे सनी खान, महफूज खान और शहफू खान का रो-रोकर बुरा हाल था।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे में था ट्रैक्टर चालक: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक गुलशन पांडेय उर्फ पप्पू निवासी बंशी निवादा, बनीपारा नशे में था और ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी और खुद भी पास की खाई में जा घुसा।





