- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कानपुर : आसमान में छाए...
उत्तर प्रदेश
कानपुर : आसमान में छाए काले बादल, बारिश के बन रहे आसार
Rani Sahu
15 July 2022 5:35 PM GMT

x
आसमान में काले बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं कर रहे हैं। इससे उमस भरी गर्मी लोगों को बराबर परेशान कर रही है
कानपुर, आसमान में काले बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं कर रहे हैं। इससे उमस भरी गर्मी लोगों को बराबर परेशान कर रही है। हालांकि देर रात बूंदा-बांदी होने से पारा कुछ गिरा है, लेकिन अभी भी सामान्य से अधिक चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के आसार तो बन रहे हैं, पर तेज बारिश के कम ही आसार है। 20 जुलाई के बाद तेज बारिश की सम्भावना बन रही है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि उत्तरी ओडिशा और आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। सम्बद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। पूर्वोत्तर अरब सागर और गुजरात के आसपास के तटीय क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह औसत समुद्र तल से 5.8 किमी तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से गुजरात तट के पश्चिमी भागों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की सम्भावना है। मॉनसून की ट्रफ रेखा जैसलमेर, कोटा, गुना, सागर, पेंड्रा रोड, कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी की ओर जा रही है। उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।
बताया कि अधिकतम तापमान 37.4 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 77 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 53 प्रतिशत दर्ज की गई। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 14.6 किमी प्रति घंटा रही। आगामी पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण गरज चमक के साथ 15 से 20 जुलाई के मध्य हल्की से मध्यम वर्षा होने की सम्भावना है।

Rani Sahu
Next Story