- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: मुख्य सचिव और...
Kanpur: मुख्य सचिव और डीजीपी ने पीएम मोदी की जनसभा की तैयारी का लिया जायजा

कानपूर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मई को प्रस्तावित कानपुर दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार शहर पहुंचे। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में होने वाली जनसभा स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद एडीजी जोन आलोक सिंह, पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, आईजी रेंज हरीश चंद्र, संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार और डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह के साथ मिलकर सुरक्षा योजना को अंतिम रूप दिया गया। डीसीपी ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए थ्री-लेयर इंटर्नल सिक्योरिटी की व्यवस्था की गई है, जिसमें डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रधानमंत्री इस दौरे पर कानपुर को करीब 21,000 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें 8 परियोजनाओं का लोकार्पण और 3 का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने मंच और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था पर भी चर्चा की, ताकि दूर बैठे लोग भी भाषण को स्पष्ट रूप से देख और सुन सकें। जनसभा में लोगों के प्रवेश के लिए तीन अलग-अलग द्वार बनाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
गर्मी से बचाव के लिए विशेष निर्देश
डीजीपी प्रशांत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग स्थल ऐसी जगह निर्धारित किए जाएं जहां से लोगों को ज्यादा पैदल न चलना पड़े। साथ ही, पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती की जाए और गर्मी से राहत के लिए हर ब्लॉक में कूलर की व्यवस्था हो।
निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव और डीजीपी ने बंद कमरे में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और तैयारियों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। बैठक में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





