- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: युवती की...
Kanpur: युवती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात हत्यारों ने एक युवती की नृशंस हत्या कर उसके सिर और हाथ काट दिए, फिर धड़ को बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया। पहचान छिपाने के इरादे से सिर और हाथ अब तक गायब हैं। बोरे से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
तालाब में पड़ा था तीन दिन पुराना शव
यह घटना कानपुर से हमीरपुर जाने वाली जीटी रोड के पास स्थित रंजीतपुर गांव की है, जहां सड़क किनारे एक तालाब में तीन दिनों से एक बोरा पड़ा था। पहले किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन सोमवार को जब उससे बदबू आने लगी, तो ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।
शव देखकर उड़े होश
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बोरा निकाला और उसे खोला, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। बोरे में एक युवती का धड़ था, लेकिन उसका सिर और हाथ गायब थे। शरीर पर गहरे चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्या से पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी। पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने सिर और हाथ अलग कर कहीं और फेंक दिए।
पुलिस जांच में जुटी
घाटमपुर थाने के चौकी इंचार्ज धनंजय पांडे ने बताया कि तालाब सड़क के बेहद करीब है, जिससे आशंका है कि हत्या किसी और स्थान पर की गई और शव को वाहन से लाकर यहां फेंका गया। उन्होंने इसे एक सुनियोजित अपराध करार देते हुए कहा कि हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
मृतका की पहचान तलाश रही पुलिस
घाटमपुर थाने में किसी युवती की गुमशुदगी दर्ज नहीं थी, जिसके चलते पुलिस ने जिलेभर के थानों से लापता लड़कियों और महिलाओं की सूची मंगवाई है। इलाके के लोगों से पूछताछ जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्ध वाहनों की जांच करने की योजना बना रही है। संभावना है कि हत्यारे शव को ठिकाने लगाने के लिए सुनसान जगह की तलाश में थे और तालाब को इसके लिए चुना।





