- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: दुल्हन बनी ठग,...
Kanpur: दुल्हन बनी ठग, सुहागरात के बाद 62 वर्षीय रिटायर्ड फौजी को लूटा

कानपुर: 62 वर्षीय रिटायर्ड फौजी हरीश शुक्ला को जीवन के इस पड़ाव पर जीवनसाथी की तलाश कुछ ऐसी भारी पड़ी कि वो ठगी का शिकार हो गए। मामला कानपुर के सनिगवां इलाके का है, जहां फौजी हरीश ने अपने से 22 साल छोटी महिला पूजा जोशी से शादी की, लेकिन शादी के महज दो दिन बाद ही उनकी सारी खुशियां और भरोसा टूट गया।
हरीश शुक्ला, जो अकेले रहते हैं और डिफेंस से रिटायर हो चुके हैं, ने 11 फरवरी 2025 को आर्य समाज मंदिर में पूजा जोशी से शादी की। पूजा उनके ही पड़ोस में रहती थी और दोनों के बीच पहले से अच्छा व्यवहार था। धीरे-धीरे यह रिश्ता नजदीकी में बदल गया और बात शादी तक पहुंची।
शादी से पहले नए जेवरों की मांग: हरीश ने बताया कि शादी से पहले पूजा ने नए जेवर बनवाने की इच्छा जताई। उन्होंने पुराने गहने गलवाकर नए जेवर बनवाए और करीब 3 लाख रुपये नकद भी अलमारी में रखे।
सुहागरात के बाद गायब हुई दुल्हन: शादी के दो दिन बाद तक सब सामान्य रहा, लेकिन तीसरे दिन सुबह जब हरीश की आंख खुली तो पूजा नदारद थी। अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे सारे जेवर व नकदी भी गायब थे।
पहले चुप रहे, फिर दर्ज कराई FIR
शुरुआत में बदनामी के डर से हरीश ने किसी से कुछ नहीं कहा और गांव चले गए। लेकिन जब मोहल्ले में चर्चाएं शुरू हुईं, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अब पुलिस पूजा जोशी की तलाश कर रही है, जबकि हरीश न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें सबसे बड़ा धोखा उस शख्स से मिला, जिस पर उन्होंने सबसे ज्यादा भरोसा किया था।





