- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: प्रेमी ने...
Kanpur: प्रेमी ने युवती की हत्या कर शव सूटकेस में भरकर यमुना में फेंका

कानपुर: 20 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या के बाद युवती के शव के साथ सेल्फी ली थी, जिसने पूरी वारदात का राज खोल दिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) योगेश कुमार ने बताया कि आकांक्षा नाम की युवती की 21 सितंबर को गला घोंटकर हत्या की गई। आरोपी सूरज कुमार उत्तम ने हत्या के बाद शव को सूटकेस में भरकर अपने दोस्त आशीष कुमार के साथ यमुना नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार आकांक्षा कानपुर देहात के सुजनीपुर की रहने वाली थी और बर्रा स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करती थी। सूरज के कहने पर वह हमीरपुर रोड के दूसरे रेस्टोरेंट में काम करने लगी थी। वह हनुमंत विहार में किराए के कमरे में रहती थी, जहां सूरज अक्सर आता-जाता था।
21 सितंबर को दोनों के बीच किसी अन्य महिला को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सूरज ने आकांक्षा की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव के साथ सेल्फी ली और अपने दोस्त आशीष को बुलाकर शव को यमुना नदी में फेंक दिया।
जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए सूरज ने आकांक्षा का मोबाइल फोन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन में छोड़ दिया था। पीड़िता की मां विजयश्री ने 22 सितंबर को बेटी के फोन से संदिग्ध जवाब मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने पहले अपहरण का केस दर्ज किया था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से सूरज पर शक हुआ और पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आ गई। शव बरामद करने के लिए कौशांबी, प्रयागराज और बांदा में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है और आगे की जांच जारी है।





