- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kanpur: 10 लाख की...
Kanpur: 10 लाख की फिरौती के लिए 13 वर्षीय का अपहरण

कानपुर: अरौल थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में 13 वर्षीय खुर्शीद अनवर का उसके ही दोस्तों ने अपहरण कर लिया और परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपियों ने खुर्शीद की हत्या कर शव को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के पास बने एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे की तलाश जारी है।
जिम जाने के लिए निकला, फिर नहीं लौटा
मकनपुर गांव निवासी नजीर अहमद प्रॉपर्टी डीलर हैं। उनके सात बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटा खुर्शीद अनवर (13) पांचवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह जिम जाने के लिए घर से निकला लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह, परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच खुर्शीद के नंबर से उसके बड़े भाई के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें लिखा था
"तुम्हारा बेटा हमारे पास है, अगर उसे जिंदा देखना चाहते हो तो शाम तक 10 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। पुलिस को खबर की तो उसे मार देंगे।"
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, अपहरणकर्ताओं ने कर दी हत्या
परिजनों ने तुरंत पुलिस को फिरौती वाला मैसेज दिखाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें खुर्शीद गांव के चार दोस्तों अनफ, अवशाद, हुसैनी और अज्जू के साथ जाता हुआ नजर आया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि "परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी थी, जिससे डरकर हमने खुर्शीद की पत्थर से वार कर हत्या कर दी और शव को एक्सप्रेसवे किनारे कुएं में फेंक दिया।"
तीन गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी
बिल्हौर एसीपी अमरनाथ यादव ने बताया कि खुर्शीद के अपहरण और हत्या में शामिल अनफ, अवशाद और हुसैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथा आरोपी अज्जू फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





