- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kannauj: भाजपा विधायक...
Kannauj: भाजपा विधायक के गांव में सड़क निर्माण में बड़ा घपला उजागर

कन्नौज: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाए जा रहे संपर्क मार्ग में भारी भ्रष्टाचार सामने आया है। भाजपा विधायक कैलाश राजपूत के गांव गढ़िया मेरापुर (तहसील छिबरामऊ) में बन रही सड़क में विभाग की घोर लापरवाही उजागर हुई है। विधायक जब खुद मौके पर पहुंचे तो सड़क की गुणवत्ता देख भड़क उठे। उन्होंने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया और जांच के आदेश दे दिए हैं।
विधायक कैलाश राजपूत गांव पहुंचे थे, तभी ग्रामीणों ने घटिया निर्माण की शिकायत की। उन्होंने खुद सड़क की जांच की और जैसे ही पैर मारा, गिट्टी और डामर की परत उखड़ने लगी, नीचे से बालू ऊपर आ गई। इस पर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तुरंत अधिशासी अभियंता वर्षा गर्ग को फोन कर कार्य रुकवाया और नाराजगी जताई।
विधायक ने बताया कि मिट्टी पर सीधे डामर डाल दिया गया है, जिससे सड़क टिकाऊ नहीं बन पा रही। उन्होंने कहा कि यह घटिया निर्माण पूरी तरह भ्रष्टाचार का उदाहरण है। अधिशासी अभियंता द्वारा नई टेक्नोलॉजी की बात कहे जाने पर विधायक और भड़क उठे और सख्त हिदायत दी कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, काम न किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कर्मचारी ने निर्माण कार्य कराया तो ग्रामीण स्तर पर ही उससे निपटा जाएगा और इसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित अधिकारियों की होगी। विधायक का यह भी आरोप है कि जिले में अधिकांश संपर्क मार्गों में भ्रष्टाचार हो रहा है और इसकी शिकायतें कई बार जनप्रतिनिधियों और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।





