उत्तर प्रदेश

Kampil: किराने की दुकान के ताले तोडक़र चोरों ने नकदी व सामान पार लगाया

Admindelhi1
22 May 2025 3:44 PM IST
Kampil: किराने की दुकान के ताले तोडक़र चोरों ने नकदी व सामान पार लगाया
x

कंपिल: चोरों ने किराने की दुकान के ताले तोडक़र नगदी, सामान चोरी कर सामान में आग लगा दी। सुबह दुकान पर पहुंचे दुकानदार को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीडि़त ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नगर के मोहल्ला माझगांव पूर्व निवासी प्रिंस गुप्ता की किराने की दुकान कंपिल सिवारा मार्ग पर थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित है। प्रतिदिन की भांति मंगलवार देर शाम प्रिंस दुकान में ताला लगाकर घर चले गए। बुधवार की बीती रात किसी पहर चोरों ने शटर के ताले तोडक़र सोलह हजार की नगदी, किराने का सामान चोरी कर दुकान में आग लगा दी। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदारों ने शटर के ताले टूटे व दुकान से धुंआ उठता देख प्रिंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे हल्का इंचार्ज रामलखन दुबे ने जांच पड़ताल कर घटना के सम्बन्ध मे जानकारी की। पीडि़त के अनुसार सोलह हजार की नगदी, चार हजार रुपए का नुकसान हुआ है। पीडि़त ने बुधवार सुबह थाने पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने पीडि़त का मुकदमा दर्ज कर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। घटना के बाद नगर के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story