उत्तर प्रदेश

Kampil: चोरों ने घर में घुसकर नकदी व जेवर किया पार

Admindelhi1
22 May 2025 3:46 PM IST
Kampil: चोरों ने घर में घुसकर नकदी व जेवर किया पार
x
"महिला के शोर मचाने पर कुंडल नोंचकर हुए फरार"

कंपिल: दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने नगदी, जेवर चोरी कर लिए। शोर मचाने पर महिला के कानों के कुंडल नोंच लिए। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी प्रेमपाल जाटव बुधवार की बीती रात परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। देर रात लगभग एक बजे तीन चोर दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए। दो चोर सीढिय़ों से घर के कमरे में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्शे से जेवर, नगदी आदि चोरी कर लिए। घर का अन्य सामान खेतों में फेंक दिया। खटपट की आवाज सुनकर स्वजन जाग गए। प्रेमपाल की पत्नी रानी देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बात पर चोरों ने महिला के कानों से कुंडल नोंच लिए। जिससे महिला का कान फट गया।

चीख पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने स्वजनों के सहयोग से चोरों को आसपास खेतों में तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे हल्का इंचार्ज दारोगा उदयवीर सिंह ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story