उत्तर प्रदेश

Kaimganj: घर पर आराम फरमाता रहा रिजवान, पुलिस तालाब में करती रही तलाश

Admindelhi1
15 May 2025 4:08 PM IST
Kaimganj: घर पर आराम फरमाता रहा रिजवान, पुलिस तालाब में करती रही तलाश
x

कायमगंज: रात्रि में खाकी को चकमा देकर भागने वाला युवक आराम से घर में सोता रहा और खाकी उसकी तलाश तालाब में करती रही। हालांकि पुलिस उसको अलीगंज-कायमगंज मार्ग से गिरफ्तार करना बता रही है, जबकि हकीकत इससे उलट है। पुलिस ने उसको घर से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर शातिर अपराधियों तक पहुंचना चाहती है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर निवासी जाहिद मंसूरी के पुत्र रिजवान (३०) को सोमवार रात करीब ११:३० बजे पुलिस व एसओजी एक मामले में पूछताछ के लिए घर से उठाकर लायी थी। पुलिस उसे मोटर साइकिल पर बैठालकर थाने ले जा रही थी, तभी रास्ते में वह किसी तरह पुलिस की पकड़ से छूटकर भाग गया और पुलिस को चकमा देने के लिए उसने पत्थर उठाकर तालाब में फेंक दिया। जिससे पुलिस यह समझे कि वह तालाब में कूद गया। जिस पर कुछ पुलिसकर्मी तालाब के पास रुके रहे और कुछ उसके घर जा पहुंचे, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार को पुलिस ने पूरे दिन तालाब की जेसीबी मशीन से जलकुंभी निकलवाकर गोताखोरों से उसकी तलाश करवायी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थक हारकार पुलिस वापस लौट गयी।

रात्रि करीब ११ बजे कस्बा चौकी इंचार्ज नागेन्द्र सिंह, कांस्टेबिल सचिन, कांस्टेबिल विनीत कुमार, कांस्टेबिल विजय गुर्जर पुन: रिजवान के घर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर ही रहे थे, तभी कांस्टेबिल विजय गुर्जर की कमरे में बैठे रिजवान पर नजर पड़ गयी। पुलिस ने तुरंत रिजवान को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आयी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके जरिये सरगनाओं तक पहुंचना चाहती है, जो मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि उसको कायमगंज-अलीगंज मार्ग से गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस की यह कहानी पूरी तरह से झूठ है।

Next Story