उत्तर प्रदेश

'सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता', असदुद्दीन ओवैसी पर आजम खान का बड़ा हमला

jantaserishta.com
19 Nov 2026 5:21 PM IST
सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता, असदुद्दीन ओवैसी पर आजम खान का बड़ा हमला
x
देखें वीडियो.

रामपुर: जेल से बाहर आने के बाद सपा नेता आजम खान के तेवर पुराने अंदाज में नजर आए. रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के इस नेता ने बीजेपी से लेकर जांच एजेंसियों तक पर सवाल उठाए. लेकिन उनकी सबसे बड़ी नाराजगी INDIA ब्लॉक से दिखी. आजम ने कहा कि जब रामपुर में पहली बार वोट चोरी हुई, तब गठबंधन ने इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई. उनका आरोप है कि अगर उस समय इस मामले को उठाया जाता तो हरियाणा और महाराष्ट्र में भी ऐसी घटनाएं नहीं होतीं. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की.

आजम खान ने आरोप लगाया कि रामपुर में चुनाव के दौरान मतदाताओं को वोट डालने से रोका गया था. लोगों को हथियार दिखाए गए और इस तरह चुनाव लूट लिया गया. उन्होंने कहा, "मुझे INDIA ब्लॉक से शिकायत है. जब रामपुर में पहली बार वोट चोरी हुई, तब गठबंधन ने इस मुद्दे को नहीं उठाया." आजम ने चुनाव आयोग, ED और CBI की साख पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी प्रतिष्ठा बचानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ED और CBI की छवि खराब हो चुकी है. चुनाव आयोग को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में यह संदेश जा रहा है कि भारत में चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए.
आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की सीटों की मांग पर भी आजम खान ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, "अगर आप तोप का लाइसेंस मांगेंगे, तो आपको तमंचे का लाइसेंस मिलेगा." हालांकि, उन्होंने कांग्रेस के साथ सम्मानजनक समझौते की बात भी कही. आजम के मुताबिक, अगर कांग्रेस और सीटें मांगेगी तो उसे दी जाएंगी.
असदुद्दीन ओवैसी को लेकर आजम खान ने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता. आजम ने यह भी कहा कि अगर ओवैसी चाहते तो उनकी पत्नी से मिलने आ सकते थे और परिवार से बात कर सकते थे. हैदराबादी बिरयानी को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की. आजम ने कहा कि इस इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती.
आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद रामपुर स्थित अपने घर पहुंचे थे. वहां समर्थकों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया. घर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि अब चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़े जाएंगे. अपने अंदाज में उन्होंने कहा, 'चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा. बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा.' इस दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए आजम ने दावा किया कि उसका सफाया हो चुका है. उन्होंने लोकसभा और विधान परिषद चुनावों का जिक्र किया. साथ ही आरोप लगाया कि जिन सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की, वे गलत तरीकों से जीती गईं.
आजम खान ने अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और उन्हें माफिया कहे जाने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्होंने बच्चों के लिए स्कूल खोले और एक यूनिवर्सिटी बनाई. फिर सवाल किया कि क्या ऐसे व्यक्ति को माफिया कहा जा सकता है? ED पर तंज कसते हुए उन्होंने मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी के मामलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर ऐसे मामलों में ED किसी को दोषी मानती है, तो वह दुआ करते हैं कि हर गली में ऐसा व्यक्ति हो जो यूनिवर्सिटी बना सके.
आजम ने मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनके समय में ED, CBI, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं तो शायद वे भी जेल चले जाते और यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते.
आजम खान को रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था. इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल भेज दिया गया. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को उन्हें अंतरिम जमानत दी. इसके बाद गाजियाबाद की विशेष PMLA अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती बॉन्ड जमा कराने की शर्त पर उनकी रिहाई का आदेश दिया. इस मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होनी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story