उत्तर प्रदेश

Jhansi: बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

Admindelhi1
27 Jun 2025 12:28 PM IST
Jhansi: बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
x

झांसी: मोंठ थाना क्षेत्र के सेना गांव में 75 साल के वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसने पुलिस को दो पक्षों में हुए झगड़े में एक पक्ष की गलती बता दी थी। इससे आरोपित आग बबूला हो गया। आधी रात को बाउंड्री फांदकर घर में घुसा और सोते हुए बुजुर्ग को बसूले से काट डाला। ग्रामीणों ने आरोपित को घेरकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

परमलाल अहिरवार (75) पुत्र कामता प्रसाद मोंठ के सेना गांव निवासी था। मृतक के बेटे जुझार सिंह ने बताया कि उसके पिता गांव के बाहर मकान में रहते थे और गुटखा-सिगरेट बेचते थे। बुधवार शाम को गांव का हरिसिंह अहिरवार शराब पीकर पड़ोसी छिन्गे को गाली दे रहा था। विवाद बढ़ने पर छिन्गे ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। तब परमलाल ने बताया कि गलती हरिसिंह की है। ये शराब पीकर सभी को गाली दे रहा है। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और छिन्गे को समझाकर चली गई। रात को खाना खाकर पिता परमलाल और मां लाड़ कुंवर सो गए। देर रात आरोपी हरिसिंह बाउंड्री फांदकर घर में घुस आया। उसने सोते हुए पिता पर बसूले से हमला कर दिया। सिर, आंख और नाक पर ताबड़तोड़ वार करके पिता को काट डाला।

शोरगुल सुन पास में सो रही मां जाग गई और चिल्लाते हुए बाहर भागी। तब आसपास के लोग एकत्र हो गए। तुरंत घायल को मोंठ सीएचसी ले गए। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, आरोपित मौके से भागने लगा तो ग्रीमीणों ने घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में मोंठ सीओ अजय श्रोत्रीय ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Next Story