उत्तर प्रदेश

Jhansi: नहर में मिली युवक की लाश

Admindelhi1
20 Feb 2025 11:43 AM IST
Jhansi: नहर में मिली युवक की लाश
x
"चार बच्चों के सिर से मां के बाद पिता का भी साया उठा"

झांसी: बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम लहर ठकुरपुरा में एक दर्दनाक हादसे में प्रमोद रायकवार (37) की नहर में डूबने से मौत हो गई। सोमवार की शाम वह अपने रिश्तेदार कांशीराम रायकवार के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों राजघाट नहर में गिर गए। पानी के तेज बहाव में बहने से प्रमोद लापता हो गए, जबकि चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने कांशीराम को बचा लिया।

30 किमी दूर नहर में मिला शव

घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस ने प्रमोद की तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। आखिरकार, बुधवार सुबह उनका शव रक्सा थाना क्षेत्र के कोटखेरा में नहर में बहता हुआ मिला, जो घटना स्थल से लगभग 30 किलोमीटर दूर था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

प्रमोद रायकवार की पत्नी पहले ही दुनिया छोड़ चुकी थी, अब उनकी मौत से चार बच्चे अनाथ हो गए हैं। इनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी थी, जबकि तीन बच्चे अब भी अविवाहित हैं। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले प्रमोद की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Next Story