उत्तर प्रदेश

Jhansi: किराए के कमरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी

Admindelhi1
13 Nov 2025 9:27 AM IST
Jhansi: किराए के कमरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी
x

झांसी: उप्र के झांसी स्थित नवाबाद थाना क्षेत्र के सिविल लाइन में उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक युवक का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक युवक शहर के एक बड़े होटल में कार्यरत बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। झांसी के रेलवे स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सिविल लाइन में एक युवक किराए के मकान में अकेले रहता था। युवक पास के ही एक प्रतिष्ठित होटल में काम करता था। दो दिनों से युवक के काम पर होटल न पहुंचने पर सहकर्मी कारण जानने के लिये बुधवार सुबह उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा गया तो युवक पलंग पर मृत अवस्था में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर नवाबाद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन पहुंचे। कमरे की तलाशी ली गई और साक्ष्य एकत्र किए गए। युवक की पहचान होटल कर्मचारी शान्तु मंडल निवासी असम के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

Next Story