- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Jhansi: 5 साल की मासूम...
Jhansi: 5 साल की मासूम दर्शिका ने खोला मां की हत्या का राज

झांसी: "पापा पहले अच्छे थे, मम्मा का खूब ख्याल रखते थे। लड़ाई भी नहीं करते थे। मगर, फिर बदल गए… दारू पीने लगे और मम्मा से लड़ने लगे।" ये शब्द हैं 5 साल की मासूम दर्शिका के, जिसने अपनी मां की हत्या का राज खोल दिया।
कैसे हुआ अपराध का खुलासा: उत्तर प्रदेश के झांसी में 27 वर्षीय सोनाली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति संदीप बुधौलिया का दावा था कि सोनाली ने आत्महत्या की, लेकिन जब मायके वाले पहुंचे तो बेटी दर्शिका ने सच्चाई उजागर कर दी। उसने बताया कि उसके पापा ने मम्मा को मारा-पीटा और फिर फांसी लगा दी।
सबसे चौंकाने वाली बात तब हुई जब दर्शिका ने पेंटिंग बनाकर बताया कि उसके पिता ने मां को कैसे मारा। मासूम की यह तस्वीरें पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बन गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पोस्टमार्टम में सोनाली के शरीर पर 9 चोटों के निशान मिले। यानी, पहले उसे बेरहमी से पीटा गया, फिर फांसी दी गई। उसके हाथ-पैर पर भी चोट के गहरे निशान थे।
आरोपियों पर केस दर्ज, पति गिरफ्तार
सोनाली के पिता संजीव त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने पति संदीप, सास विनीता, जेठ कृष्ण कुमार और जेठानी मनीषा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस ने पति संदीप को हिरासत में ले लिया है।
मासूम बेटी ने दी मां को मुखाग्नि, रो पड़ा हर कोई
पोस्टमार्टम के बाद सोनाली का अंतिम संस्कार बड़ागांव गेट के बाहर श्मशान घाट पर किया गया। 5 साल की मासूम दर्शिका ने अपने नन्हे हाथों से मां की चिता को फूल चढ़ाया और फिर मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं। एक बेटी ने अपनी मां को खो दिया, लेकिन जाते-जाते वह अपनी मां को इंसाफ दिलाने का सबसे बड़ा सबूत छोड़ गई।





