उत्तर प्रदेश

Jhansi: 12वीं के छात्र ने विवाद के चलते विष खाया, मौत

Admindelhi1
22 Oct 2025 2:31 PM IST
Jhansi: 12वीं के छात्र ने विवाद के चलते विष खाया, मौत
x

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित मोंठ थाना क्षेत्र में 12वीं के छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक के चाचा ने बताया कि फोन पर दोस्त से भतीजे का विवाद हो गया था। इसलिए उसने दीपावली के दिन विषाक्त खा लिया। इलाज के दौरान आज मंगलवार को उसकी मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चाचा ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद तहरीर देंगे। मोंठ के रेब गांव निवासी प्रमोद कुमार खेती करते हैं। उनका इकलौता बेटा संस्कार (16) मोंठ के सरस्वती विद्या मंदिर में 12वीं क्लास में पढ़ता था। उसके चाचा संजय कुमार ने बताया कि संस्कार का अपने दोस्त से विवाद हो गया था। फोन पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शाम को परिवार के लोग धार्मिक स्थानों पर दीपावली का पूजन करने गए थे।

डिप्रेशन में आकर संस्कार ने जहर खा लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में उसको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को संस्कार की मौत हो गई।संस्कार की मौत के बाद दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई। संस्कार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उससे छोटी 13 साल की एक बेटी है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर मां अर्चना बेसुध हो गई। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Next Story