- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Jaunpur: मड़ियाहूं...
Jaunpur: मड़ियाहूं ददरा बाईपास पर बोलेरो और बाइक भिड़ंत में तीन घायल

जौनपुर: शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे मड़ियाहूं के ददरा बाईपास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दंपति और उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बडेरी नदियांव गांव निवासी 30 वर्षीय किशन, अपनी 28 वर्षीय पत्नी अंजू और तीन वर्षीय बेटी दीया के साथ मड़ियाहूं से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलवां बाजार की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बोलेरो ड्राइवर हिरासत में, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इधर हादसे की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाह वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





