उत्तर प्रदेश

Jaunpur: नवजात के पेट में भ्रूण मिलने से चिकित्सा जगत में हलचल

Admindelhi1
1 April 2026 2:53 PM IST
Jaunpur: नवजात के पेट में भ्रूण मिलने से चिकित्सा जगत में हलचल
x

जौनपुर: शाहगंज स्थित एक निजी चाइल्ड केयर अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मात्र दो दिन के नवजात शिशु के पेट में अर्ध विकसित भ्रूण मिलने से चिकित्सक भी आश्चर्यचकित रह गए। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी सुंदरी देवी ने एक स्थानीय अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए शाहगंज के चाइल्ड केयर अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महफूज अहमद ने नवजात की स्थिति को देखते हुए अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जांच के दौरान रेडियोलॉजिस्ट डॉ. फारूक अरशद ने पाया कि बच्चे के पेट के अंदर एक अर्ध विकसित भ्रूण मौजूद है। चिकित्सकों के अनुसार इस दुर्लभ स्थिति को “फीटस इन फीटू” कहा जाता है, जिसमें एक भ्रूण के भीतर दूसरा भ्रूण विकसित होने लगता है, लेकिन वह पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो पाता।

डॉक्टरों का कहना है कि यह अत्यंत दुर्लभ मेडिकल कंडीशन है और दुनिया में ऐसे बहुत कम मामले देखने को मिलते हैं। फिलहाल अस्पताल की विशेषज्ञ टीम नवजात की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे के उपचार की योजना तैयार की जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर सही इलाज मिलने से ऐसे मामलों को सफलतापूर्वक संभाला जा सकता है।

Next Story