- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Jaunpur: गांव में...

जौनपुर: खुटहन थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से कुछ दूरी पर खेत में स्थित पाही के कमरे में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
बताया गया कि गांव निवासी अंकुश पाल (18) पुत्र विकास मंगलवार रात रोज की तरह भोजन करने के बाद घर से करीब सौ मीटर दूर पाही पर सोने चला गया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन करते हुए वे पाही पहुंचे, जहां आवाज लगाने और कुंडी खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख परिजन स्तब्ध रह गए।
कमरे के भीतर अंकुश का शव छत में लगी हुक से रस्सी के फंदे के सहारे लटक रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले की जांच की जा रही है।





