उत्तर प्रदेश

Jaunpur: UP में परिवारिक हत्या का सनसनीखेज मामला

Admindelhi1
18 Dec 2025 1:30 PM IST
Jaunpur: UP में परिवारिक हत्या का सनसनीखेज मामला
x

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली खौफनाक घटना सामने आई है। एक इंजीनियर बेटे ने अपने ही माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और शवों के कई टुकड़े कर उन्हें बोरी में भरकर गोमती नदी में फेंक दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शवों की बरामदगी के लिए अभियान जारी है।

पुलिस के मुताबिक, रेलवे से सेवानिवृत्त श्यामबहादुर (62) अपनी पत्नी बबिता (60) के साथ जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर के पास रहते थे। उनका बेटा अम्बेश बीटेक पास है। अम्बेश की अंतरधार्मिक शादी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी तनाव के बीच 8 दिसंबर को पैसों को लेकर कहासुनी हिंसक हो गई।

आरोप है कि गुस्से में अम्बेश ने लोहे के भारी औजार से पहले मां और फिर पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए उसने आरी से दोनों शवों के कई टुकड़े किए, उन्हें सीमेंट की बोरियों में भरकर कार की डिक्की में रखा और बेलांव घाट पुल से गोमती नदी में फेंक दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने बहनों को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि माता-पिता नाराज होकर कहीं चले गए हैं। 13 दिसंबर को बहन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह गहराने पर 15 दिसंबर को अम्बेश को हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।

एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर शवों के हिस्से बरामद किए गए हैं। नदी में गोताखोरों और स्टीमर की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आरी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। जांच जारी है।

Next Story