उत्तर प्रदेश

Jaunpur: प्रधानाध्यापक पर आठवीं की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया

Admindelhi1
11 March 2025 4:10 PM IST
Jaunpur: प्रधानाध्यापक पर आठवीं की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया
x
"मुकदमा दर्ज"

जौनपुर: जनपद में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मछलीशहर थाना क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक रमाकांत यादव पर कक्षा आठवीं की छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

खेल प्रतियोगिता से लौटते समय प्रधानाध्यापक ने की हरकत: पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 8 मार्च को पवारा थाना क्षेत्र में आयोजित एक खेल प्रतियोगिता में भाग लेने गई थी। प्रधानाध्यापक रमाकांत यादव उसे बाइक पर बैठाकर घर वापस ला रहे थे, लेकिन रास्ते में उन्होंने गाड़ी रोककर छात्रा का हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगे। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे शादी का झांसा देने की कोशिश की और मछलीशहर के एक होटल में नाश्ता कराने के लिए चलने को कहा।

छात्रा ने जब यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो प्रधानाध्यापक ने उसे धमकाया कि अगर किसी को कुछ बताया तो परीक्षा में फेल कर देगा। डर के बावजूद पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और घर पहुंचकर माता-पिता को पूरी घटना बता दी।

परिजनों से भिड़े आरोपी, शिकायत पर हुई कार्रवाई

रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार को छात्रा के माता-पिता विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा हो गए। इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सोमवार को पीड़िता न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंची, जहां उसे थाने जाने को कहा गया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने की पुष्टि, शांति व्यवस्था कायम

मंगलवार को क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने जानकारी दी कि नखतपुर की एक छात्रा ने प्रधानाध्यापक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्यवाही जारी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम रखी गई है।

Next Story