उत्तर प्रदेश

Jaunpur: कोर्ट को उड़ाने की धमकी पर एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
23 Feb 2026 11:49 AM IST
Jaunpur: कोर्ट को उड़ाने की धमकी पर एक्शन, आरोपी गिरफ्तार
x

जौनपुर: कोर्ट और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए यह साजिश रची थी।

आरोपी की पहचान विशाल रंजन के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश एटीएस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि विशाल ने जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन गेट को उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल फर्जी आईडी से भेजा था।

फर्जी आईडी बनाकर रची साजिश: जांच में खुलासा हुआ कि विशाल की प्रेमिका की शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। इससे नाराज होकर उसने बदला लेने की योजना बनाई। उसने मंगेतर और उसके गांव के लोगों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया और ई-मेल आईडी बनाई।

आरोपी ने करीब 50 फर्जी ई-मेल आईडी तैयार कर रखी थीं, जिनमें से एक के जरिए धमकी भरा मेल भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 4 सिम कार्ड और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पंचायत में माफी के बाद रचा बदला: सूत्रों के मुताबिक, पहले भी एक विवाद के बाद पंचायत में विशाल को माफी मांगनी पड़ी थी। उसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने यह खतरनाक कदम उठाया।

जांच जारी: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर फोरेंसिक टीम बरामद उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी इसी तरह की साजिश तो नहीं रची गई।

मामले के खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और फर्जी आईडी के जरिए धमकी देने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Next Story